हरियाणा | हरियाणा की औद्योगिक नीति और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों का बड़ा असर सामने आया है। गुरुग्राम जिले के आईएमटी सोहना में जापान की प्रसिद्ध कंपनी एटीएल (TDK कॉरपोरेशन ग्रुप) ने करीब 3 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर एशिया का सबसे बड़ा लिथियम आयन बैटरी निर्माण प्रोजेक्ट शुरू किया है।
इस अत्याधुनिक इकाई के शुरू होने से प्रदेश को न सिर्फ नई औद्योगिक पहचान मिलेगी, बल्कि करीब 5 हजार युवाओं को सीधा रोजगार भी मिलेगा।
प्रोजेक्ट का शुभारंभ
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को इस मेगा प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। इस मौके पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, टीडीके ग्रुप से सैटो व शशिदा, मुख्यमंत्री के विदेशी सहयोग सलाहकार पवन चौधरी और आईसीडब्ल्यूए से पंकज महेंद्रू मौजूद रहे।
जापानी क्वालिटी, हरियाणा की पहचान
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जिस तरह जापान अपनी क्वालिटी के लिए जाना जाता है, उसी तरह अब हरियाणा भी क्वालिटी वाले प्रोडक्ट बनाने के लिए पहचाना जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत आज इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, और इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं व युवाओं को रोजगार के रूप में मिलेगा।
औद्योगिक इतिहास में दर्ज होगा दिन
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने इसे हरियाणा के औद्योगिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में 10 नए औद्योगिक शहर बसाने की योजना है। इससे हरियाणा को निवेश और रोजगार दोनों के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि कंपनी ने इससे पहले 2020 में बावल में भी 1,000 करोड़ रुपये का निवेश कर 1,500 से अधिक रोजगार दिए थे।
क्यों आकर्षक है हरियाणा?
- डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और दिल्ली-एनसीआर की नजदीकी
- मजबूत सड़क और रेल नेटवर्क
- उत्कृष्ट लॉजिस्टिक सुविधा और सप्लाई चेन
- सरकार की एंटरप्राइजेज, एमएसएमई और स्टार्टअप नीतियां
ये सभी कारक हरियाणा को निवेशकों के लिए देश का सबसे आकर्षक औद्योगिक हब बना रहे हैं।







