फरीदाबाद, सुन्दर कुंडू। हरियाणा के फरीदाबाद में बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में देर रात क्राइम ब्रांच की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम को मध्य प्रदेश के रहने वाले एक गिरोह के सदस्यों के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बल्लभगढ़ सदर थाना क्षेत्र में गांव सोतई की ओर जाने वाले रास्ते पर बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर बदमाशों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी।
घायल बदमाशों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, पुलिस ने गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह क्षेत्र में चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और उसके सदस्यों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





