बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 स्थित एक फुटवियर कंपनी में मोबाइल फोन अंदर ले जाने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच विवाद हो गया। नाराज कर्मचारियों ने फैक्ट्री के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने अचानक मोबाइल फोन फैक्ट्री परिसर के अंदर ले जाने पर रोक लगा दी।
कर्मचारियों का कहना है कि वे दूर-दराज के इलाकों से नौकरी के लिए आते हैं। ऐसे में रास्ते में किसी दुर्घटना या परिवार में आपात स्थिति होने पर मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करना जरूरी होता है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर उन्हें स्थानीय प्रशासन की ओर से धमकी दिए जाने की बात कही गई।दूसरी ओर, कंपनी प्रबंधन ने मोबाइल प्रतिबंध लगाने के पीछे सुरक्षा और गोपनीयता को प्रमुख कारण बताया है। प्रबंधन के अनुसार कुछ कर्मचारी फैक्ट्री परिसर में रील बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे थे।
इससे कंपनी की आंतरिक गतिविधियों और संवेदनशील जानकारी के सार्वजनिक होने की आशंका बनी हुई थी।कंपनी प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारियों को कई बार फैक्ट्री परिसर में रील बनाने और सोशल मीडिया पर सामग्री साझा करने से रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया गया। इसी के चलते फैक्ट्री के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।कर्मचारियों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम फैक्ट्री पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है और किसी बड़े टकराव की सूचना नहीं है।







