रोहतक। रोहतक जिले के सांपला क्षेत्र में एक ढाबे के समीप खड़ी कार से दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव आसौदा निवासी 39 वर्षीय सुधीर के रूप में हुई है। कार में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई। सुधीर, ओम के पुत्र थे और दिल्ली पुलिस में कार्यरत थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि सुधीर संभवतः ढाबे पर भोजन करने के लिए आया होगा, लेकिन वह सांपला किस उद्देश्य से पहुंचा था, इसकी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को अवगत करा दिया गया। इसके बाद परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जांच अधिकारी के अनुसार फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक आखिरी बार किन परिस्थितियों में देखा गया था और उसकी मौत किन कारणों से हुई।







