Home Haryana कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने करनाल मंडी का किया औचक निरीक्षण,...

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने करनाल मंडी का किया औचक निरीक्षण, खरीद व्यवस्था जांची

11
0

करनाल। धान खरीद सीजन के बीच कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने  रात करीब 11 बजे करनाल की नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक मंडी पहुंचने से अधिकारियों में भी हलचल रही। उन्होंने मंडी सचिव विकास सैनी सहित संबंधित अधिकारियों और आढ़ती संगठन के पदाधिकारियों से धान खरीद की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कृषि मंत्री ने कहा कि पिछली बार सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए इस बार खरीद व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। अब किसान के मंडी पहुंचने के बाद ही उसका गेट पास जारी किया जाएगा। किसान घर बैठे गेट पास नहीं बनवा सकेगा। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से मंडी में वास्तव में पहुंचने वाले किसानों और उनकी फसल का सही रिकॉर्ड रखने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों के लिए मंडी में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की फसल की सुचारू खरीद सुनिश्चित करना है और खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

बारिश से धान की कटाई प्रभावित

मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि बारिश के कारण फिलहाल धान की कटाई का काम प्रभावित हुआ है। मौसम साफ होने के बाद कटाई में तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की स्थिति को देखते हुए मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखी जाए और किसानों के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

मंत्री ने अधिकारियों से मंडी में फसल की आवक, खरीद व्यवस्था, किसानों के लिए सुविधाओं और गेट पास जारी करने की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीद सीजन के दौरान व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here