पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एटीएस के एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ निवासी बलविंद्र सिंह उर्फ छनकु और ढाणी जला लखे के हिठाड़ निवासी सुखविंद्र सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है। बलविंद्र सिंह पर 50 हजार रुपये और सुखविंद्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों को अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, कैलिफोर्निया में रह रहे पंजाब निवासी नेटवर्क के मुख्य सरगना को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, एटीएस ने अभी उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप से जुड़ी तस्वीरें भी मिली हैं। सूत्रों के मुताबिक, कैलिफोर्निया से पाकिस्तान तक रकम पहुंचने के बाद पंजाब सीमा के रास्ते भारत में ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई की जाती थी। एटीएस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके।
एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहे थे। उनकी तलाश में एटीएस की अंबाला टीम ने पंजाब और हरियाणा में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। मोबाइल फोन की लोकेशन, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारी और खुफिया इनपुट के आधार पर फिरोजपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया। इसी कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि बलविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के लिए अहम भूमिका निभा रहा था। वह कैलिफोर्निया में बैठे मुख्य सरगना के संपर्क में था और हरियाणा तथा पंजाब में नशे व हथियारों के कारोबार के जरिए नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत कर रहा था। आरोप है कि वह हथियारों की तस्करी के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों को मैसेज के जरिए निर्देश भी देता था। पंचकूला के क्लब में हुई फायरिंग के दौरान आरोपियों तक तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल पहुंचाने में भी उसकी भूमिका बताई जा रही है।
एटीएस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य एक-दूसरे को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। वे सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म के जरिए आपस में संदेशों का आदान-प्रदान करते थे और निर्देशों के आधार पर काम करते थे। वहीं, दूसरा गिरफ्तार आरोपी सुखविंद्र सिंह क्लब में हुई फायरिंग के समय मौके पर मौजूद था। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
एटीएस अब इस नेटवर्क की पूरी आर्थिक और आपराधिक गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। जांच एजेंसी यह पता कर रही है कि आरोपियों को धन और अन्य संसाधन कौन उपलब्ध कराता था, पूरे नेटवर्क का संचालन किन लोगों के निर्देश पर होता था और हथियारों तथा मादक पदार्थों की सप्लाई कहां से की जाती थी। इसके अलावा सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों और विदेश में बैठे हैंडलरों के साथ आरोपियों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।







