Home Haryana हरियाणा में प्रदूषण का कहर: हिसार देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर,...

हरियाणा में प्रदूषण का कहर: हिसार देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, AQI 338

12
0

हिसार (हरियाणा)। हरियाणा में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। सोमवार को हिसार की हवा प्रदेश में सबसे ज्यादा प्रदूषित दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, हिसार 338 एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के साथ देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। राजस्थान का बीकानेर 366 AQI के साथ पहले स्थान पर रहा। वहीं, हरियाणा में हिसार के बाद बल्लभगढ़ की हवा सबसे खराब रही, जहां AQI 337 दर्ज किया गया।

सुबह के समय घना कोहरा छाने और हवा की रफ्तार कम रहने के कारण प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया। वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण ऊपर नहीं उठ सके, जिससे स्मॉग की मोटी परत बन गई। इसका असर दृश्यता पर भी पड़ा। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई और सुबह 7:15 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। इससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हरियाणा के कुछ अन्य प्रदूषित शहरों में सोमवार को मामूली सुधार दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, बहादुरगढ़ में AQI 295, चरखी दादरी में 239, फरीदाबाद में 221, गुरुग्राम में 247 और भिवानी में 255 दर्ज किया गया। इन क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन कई स्थानों पर प्रदूषण का स्तर अब भी खराब बना हुआ है। चरखी दादरी, भिवानी और एनसीआर के अन्य जिलों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-3) के तहत पाबंदियां लागू हैं।

सोमवार को देश के केवल चार शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से अधिक दर्ज किया गया। इनमें राजस्थान का बीकानेर, हरियाणा का हिसार और बल्लभगढ़ तथा उत्तर प्रदेश का गजरौला शामिल हैं। इन चार शहरों में से दो हरियाणा के होने से प्रदेश में प्रदूषण की गंभीर स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

हिसार में पिछले कुछ दिनों के दौरान AQI में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। रविवार को यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 145 दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार को यह 358 तक पहुंच गया था। बीच में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा चलने से प्रदूषण के स्तर में कमी आई थी, लेकिन सोमवार को एक बार फिर AQI बढ़कर 338 हो गया। पिछले 10 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो 15 नवंबर को छोड़कर बाकी दिनों में हिसार का AQI 300 से ऊपर रहा है। वहीं, 8 नवंबर की रात यह बढ़कर 376 तक पहुंच गया था।

प्रदूषण के साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार और रविवार को हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। पंचकूला में प्रदेश की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, करनाल में 11.8 डिग्री और यमुनानगर में 12 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 21 नवंबर को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, स्मॉग बढ़ने के पीछे मौसम और स्थानीय परिस्थितियां प्रमुख कारण हो सकती हैं। सुबह के समय हवा की रफ्तार कम रहने और रात का तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण वातावरण में कोहरा बना। इस स्थिति में पीएम 2.5 और पीएम 10 के प्रदूषक कण हवा में जमा होकर परत बनाने लगे, जिससे स्मॉग की स्थिति गंभीर हो गई। उन्होंने मंगलवार को भी सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here