चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी जिले के खेड़ी बूरा गांव में गंगाजल चढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रंजिश के चलते 38 वर्षीय मंजीत पर कार सवार हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली सीने में लगने से मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले चरखी दादरी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। बाद में स्वजन उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिवरात्रि के अवसर पर डाक कांवड़ लेकर आए खेड़ी बूरा निवासी मंजीत और योगेश के बीच मंदिर में शिवलिंग पर सबसे पहले गंगाजल चढ़ाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद की रंजिश में तड़के मंजीत पर हमला किया गया।
बताया जा रहा है कि योगेश अपने तीन साथियों के साथ कार में सवार होकर पहुंचा और मंजीत तथा उसके दो साथियों पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली मंजीत के सीने में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपितों की तलाश में दबिश दी। डीएसपी साहिल ढिल्लो के अनुसार, पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर अटेला क्रशर जोन से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान योगेश उर्फ छोटू उर्फ पहलवान, महाबीर, विक्रम और प्रदीप उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस ने योगेश और विक्रम के कब्जे से एक-एक अवैध देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में लिया गया है।
मुख्य आरोपित योगेश को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि महाबीर, विक्रम और प्रदीप को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।







