कैथल/बलिंदर-:कैथल में गांव मूंदड़ी के पास एक सड़क हादसे में मरीज को लेकर नागरिक अस्पताल जा रही एंबुलेंस को एक तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार गांव टयोंठा निवासी विजेंद्र सिंह एक मरीज को एंबुलेंस के जरिए कैथल ला रहे थे। मरीज के गले में लगी ट्यूब बदली जानी थी। इसी दौरान गांव मूंदड़ी के पास पीछे से आ रही काले रंग की इनोवा के चालक ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और इसके बाद एंबुलेंस को भी चपेट में ले लिया।
विजेंद्र सिंह ने बताया कि इनोवा चालक को एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए काफी देर से साइड का संकेत दिया जा रहा था, लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद उसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एंबुलेंस को टक्कर मार दी।एंबुलेंस चालक जितेंद्र सिंह के मुताबिक हादसे के समय एंबुलेंस में मरीज समेत तीन लोग सवार थे। टक्कर के कारण सभी को चोटें आईं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि सड़क पर एंबुलेंस दिखाई देने पर उसे तुरंत रास्ता दें, ताकि मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दूसरी एंबुलेंस बुलाकर मरीज और उसके परिजनों को नागरिक अस्पताल भिजवाया। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।







