बहादुरगढ़। गांव भापड़ौदा में रात पशुबाड़े में दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहे एक युवक की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। वारदात में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसे झज्जर स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। आसौदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव भापड़ौदा निवासी 32 वर्षीय ओमबीर पुत्र प्रीत के रूप में हुई है। वह गांव में खेतीबाड़ी का काम करता था। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात ओमबीर गांव के कुछ लोगों के साथ रवि पुत्र बिजेंद्र के पशुबाड़े में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर साथ बैठे लोगों में से किसी ने ओमबीर के सिर पर ईंट से हमला कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद ओमबीर खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद हुई है। इसी विवाद में गांव का अमित भी घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तत्काल झज्जर के वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही आसौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान के प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावर की गिरफ्तारी के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह और हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







