Home Haryana पानीपत में नई कोच ले जा रही ट्रेन के इंजन में शॉर्ट...

पानीपत में नई कोच ले जा रही ट्रेन के इंजन में शॉर्ट सर्किट, डेढ़ घंटे रुकी गाड़ी

7
0

पानीपत। चंडीगढ़ से नई कोच लेकर दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन के इंजन में रविवार सुबह करीब आठ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इंजन से धुआं निकलता देख लोको पायलट ने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में इंजन के सर्किट में खराबी के कारण धुआं निकलने की बात सामने आई। रेलवे तकनीकी टीम ने निरीक्षण के बाद इंजन में तकनीकी खराबी की पुष्टि की, जिसके चलते इंजन फेल हो गया। हालांकि, स्थिति गंभीर नहीं होने पर रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली।

इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन को पानीपत जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। ट्रेन के रुकने से कुछ समय के लिए जंक्शन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि, रेलवे ने स्थिति को संभालते हुए दूसरी ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर लिया, जिससे उनका संचालन जारी रखा जा सके और यात्रियों को अधिक परेशानी न हो।

स्टेशन अधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे रवाना नहीं किया जा सका। दूसरे इंजन की व्यवस्था की जा रही है। नया इंजन पहुंचने के बाद ट्रेन को दिल्ली की ओर रवाना किया जाएगा।

रेलवे की तकनीकी टीम खराब इंजन की जांच कर रही है, ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके और ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे भेजा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here