अंबाला (एकता): अंबाला जिले के गांव शेरगढ़ में बाढ़ के पानी ने ऐसी आफत बरसाई कि सब कुछ बर्बाद हो गया। इस गांव के कई परिवार पिछले 15 दिनों से नेशनल हाईवे पर रात गुजारने को मजबूर हैं। मीडिया सूत्रों के अनुसार वह अपने मवेशियों को साथ लेकर साहा शाहबाद हाईवे पर रात बिता रहे हैं। इनके पास न तो कुछ खाने को है और न ही रात बिताने के लिए कोई घर।

महिला ने अपना दर्द बताते हुए कहा कि वह काफी दिनों से सड़क पर ही गुजारा कर रहे हैं। इन बाशिंदों पर बाढ़ ने एक नहीं 2 बार कहर बरसाया है। लेकिन फिर भी प्रशासन अनदेखी कर रहा है। वह इनके जख्मों पर नमक छिड़क रहा है।
गांव शेरगढ़ की पंचायत के लोगों ने कहा कि कोई भी सरकारी नुमाइंदा उनकी सुध लेने नहीं आया। न ही उन्हें खाने को किसी ने राहत सामग्री दी। गौरतलब है कि 10 जुलाई को आई बाढ़ के पानी ने पूरे हरियाणा को ही डुबो दिया। किसानों की न ही फसलें बची और न ही लोगों के घर और दुकानें बचीं।







