Home Crime हांसी शोरूम मैनेजर हत्याकांड में प्रेम संबंधों का एंगल, मुख्य आरोपी समेत...

हांसी शोरूम मैनेजर हत्याकांड में प्रेम संबंधों का एंगल, मुख्य आरोपी समेत कई युवक फरार

8
0

हांसी। एनएच-10 मार्केट स्थित एक कपड़ा शोरूम के मैनेजर सूरज जैन की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने नया मोड़ ले लिया है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंधों और आपसी रंजिश को वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य संदिग्ध अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

इस सनसनीखेज घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में घटना के समय करीब छह युवक मौके पर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार कुछ युवक पहले शोरूम के बाहर पहुंचे और बातचीत के बहाने सूरज जैन को बाहर बुलाया। माहौल को सामान्य दिखाने के लिए एक युवक ने उससे सिगरेट भी मांगी, लेकिन कुछ ही देर बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान एक युवक ने चाकू निकालकर सूरज जैन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज को आसपास के दुकानदार तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस ने मृतक के पिता के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिसार निवासी साहिल बामल और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक हाल ही में एक युवती के संपर्क में आया था, जो पहले मुख्य आरोपी के साथ रिश्ते में बताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से खंगाल रही है और इसे हत्या की संभावित वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।

मृतक सूरज जैन हिसार के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखता था। वह पिछले करीब चार वर्षों से हांसी स्थित शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और प्रतिदिन हिसार से हांसी आना-जाना करता था। रविवार को हिसार में उसका अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। जांच के दौरान पता चला है कि वारदात के बाद आरोपी पहले हिसार पहुंचे और फिर ग्रामीण मार्गों से रोहतक की ओर निकल गए। पुलिस को सूचना मिली कि हत्या में इस्तेमाल की गई काली स्कॉर्पियो मुढ़ाल क्षेत्र के एक ढाबे के पास खड़ी है। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

सदर थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी संदिग्धों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात में शामिल अन्य युवकों की पहचान भी की जा रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here