पानीपत। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र स्थित पार्क अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने डॉक्टर और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रमेश नगर, पानीपत निवासी कुलदीप ने बताया कि उनकी मां गुड्डी देवी 24 जुलाई 2026 को सड़क हादसे में घायल हो गई थीं। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जीटी रोड स्थित पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 जुलाई को डॉक्टरों ने उनकी मां के दिल में स्टेंट डाल दिया। परिजनों का आरोप है कि यह प्रक्रिया उनकी अनुमति के बिना की गई। उन्होंने अस्पताल पर दस्तावेजों में फर्जी हस्ताक्षर करने और परिवार को इलाज की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं देने का भी आरोप लगाया है।
इलाज के दौरान गुड्डी देवी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कुलदीप का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत से उनकी मां की जान गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से उन पर कार्रवाई न करने का दबाव बनाया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद एएसआई ऋषि प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 106(1) और 351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। પોલીસ તપાસ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







