Home Crime कैथल में घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की गला दबाकर...

कैथल में घरेलू विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की गला दबाकर हत्या कर फरार हुआ पति

6
0

कैथल |  हरियाणा के कैथल जिले के गांव उझाना में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। बुधवार तड़के एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच लंबे समय से बीमार बेटे के इलाज को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है। वह अपने पति सतीश कुमार और दो बच्चों के साथ गांव उझाना में रहती थी। घटना के समय दोनों बच्चे घर के बाहर सो रहे थे। सुबह जब वे जागे तो मां को मृत अवस्था में पाया, जबकि पिता घर से गायब था।

मृतका के भाई निवेश, निवासी गांव जलालपुर (पानीपत), ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 22 वर्ष पहले उसकी बहन पूनम की शादी सतीश कुमार से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें 18 वर्षीय बेटी और 16 वर्षीय बेटा शामिल हैं। शिकायत के अनुसार सतीश अक्सर पूनम के साथ झगड़ा करता था और मंगलवार रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि बुधवार सुबह करीब चार बजे सतीश ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दंपती का 16 वर्षीय बेटा लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। उसकी आंखों और गले में समस्या होने के कारण वह ठीक से देख और बोल नहीं पाता। परिवार के अनुसार, पूनम बेटे का इलाज झाड़-फूंक और तांत्रिकों से करवा रही थी, जबकि सतीश उसे चिकित्सक से उपचार दिलाने के पक्ष में था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी सतीश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here