अम्बाला-:सेक्टर-7 स्थित अरोड़ा खत्री वंश के आदि प्रवर्तक अरुट महाराज जी की पवित्र वाटिका में पंजाबी बिरादरी विकास सभा, हरियाणा प्रकल्प एवं राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में 13वें मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 10वीं और 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 680 विद्यार्थियों को पंजाबी गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मोहित चावला ने मेधावी छात्रों को प्रमाण-पत्र, मेडल और नकद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मोहित चावला ने कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं,बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को बेहतर दिशा देने का आधार है।उन्होंने कहा कि “जो हम समाज को देते हैं,वही हमें लौटकर मिलता है।यदि हम अच्छाइयों का प्रसार करेंगे तो समाज भी सकारात्मकता को अपनाएगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से वास्तविक ज्ञान अर्जित करने, जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने और शिक्षा को सफलता का सशक्त माध्यम बनाने का आह्वान किया।उन्होंने यह भी कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता और शिक्षकों का समान योगदान होता है।राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सचदेवा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ऐसा खजाना है,जो कभी खाली नहीं होता।उन्होंने कहा कि ज्ञान,विवेक और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा स्रोत शिक्षा ही है, जो हर परिस्थिति में व्यक्ति का मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं,जिन्हें सही दिशा देने का दायित्व माता-पिता,शिक्षक और सामाजिक संस्थाओं का है। उन्होंने पंजाबी बिरादरी विकास सभा द्वारा पिछले 13 वर्षों से लगातार मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम संयोजक सीए आशु कक्कड़ एवं कार्यकारी प्रधान डॉ. राजीव सपरा ने बताया कि इस वर्ष लगभग 600 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि कुल 680 विद्यार्थियों की भागीदारी रही। 10वीं की तीन तथा 12वीं की आठ श्रेणियों सहित कुल 11 वर्गों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2100-2100 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।समारोह का विशेष आकर्षण सीबीएसई बोर्ड के छात्र अनमोल नरूला रहे, जिन्होंने सभी चुनौतियों का सामना करते हुए जिला अंबाला में 10वीं कक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा हरियाणा बोर्ड की मनमीत और आईसीएसई बोर्ड की लक्ष्मी रानी को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।राष्ट्रीय महामंत्री अरुण मेहंदीरत्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजीव मदान और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अश्विनी ढींगरा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन सतीश कालड़ा ने किया। समारोह को सफल बनाने में सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







