Home Haryana झाड़ू लेकर मैदान में उतरीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, दिया स्वच्छता का...

झाड़ू लेकर मैदान में उतरीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, दिया स्वच्छता का संदेश

3
0

राकेश कुमार शर्मा , करनाल। हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता रविवार को करनाल में अलग अंदाज में नजर आईं। हाथ में झाड़ू लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे से पहले प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान का हिस्सा है। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लेने के साथ हुई।

मीडिया से बातचीत में अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही जींद में हाइड्रोजन रेल को हरी झंडी दिखाने पहुंचेंगे। इस अवसर को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरे हरियाणा में “स्वच्छता ही स्वागत” अभियान शुरू किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला से इस अभियान का शुभारंभ किया है और अब प्रदेश के सभी मंडलों में भाजपा कार्यकर्ता आमजन के साथ मिलकर सफाई अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत ईश्वर के आशीर्वाद से होती है, इसलिए भगवान परशुराम का आशीर्वाद लेकर अभियान की शुरुआत की गई।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस परिवारवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार और गुटबाजी की राजनीति में उलझी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन और समाज के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, जबकि कांग्रेस में व्यक्तिगत स्वार्थ को अधिक महत्व दिया जाता है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं पर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि समय आने पर सभी बातें स्पष्ट हो जाएंगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर लंबे समय से आंतरिक मतभेद और खींचतान का माहौल बना हुआ है।

भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की कथित नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि वह उनके बड़े भाई जैसे हैं और उनके बीच किसी तरह की नाराजगी नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि कुलदीप बिश्नोई पहले की तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम करते रहेंगे।

रेवाड़ी में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में कुछ विधायकों की अनुपस्थिति के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है। यदि किसी मामले में संगठनात्मक स्तर पर निर्णय लेने की आवश्यकता होगी तो पार्टी अपने निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार उचित फैसला करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here