Home Haryana MDU कैंपस में सुरक्षा पर उठे सवाल, छात्र संगठन ने नशे की...

MDU कैंपस में सुरक्षा पर उठे सवाल, छात्र संगठन ने नशे की गतिविधियों के लगाए आरोप

1
0

रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) एक बार फिर कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा में है। डॉ. आंबेडकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन (AMVA) ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। संगठन का दावा है कि कैंपस के कुछ हिस्सों में नशे से जुड़ी गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।

AMVA के अध्यक्ष विक्रम डूमोलिया ने आरोप लगाया कि गर्ल्स हॉस्टल के पीछे का क्षेत्र नशा करने वालों का ठिकाना बनता जा रहा है। उनके अनुसार, हॉस्टल के पीछे सड़क किनारे झाड़ियों के बीच बड़ी संख्या में बीयर और शराब की खाली बोतलें मिली हैं। संगठन का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि वहां खुलेआम नशा किया जा रहा है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहा।

छात्र संगठन का कहना है कि गर्ल्स हॉस्टल के आसपास इस तरह की गतिविधियां बेहद गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

AMVA ने कैंपस में काले शीशों वाली गाड़ियों की आवाजाही पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि ऐसी गाड़ियां बिना किसी जांच के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश कर रही हैं। उनका कहना है कि संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच होनी चाहिए ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। साथ ही संगठन ने यह भी दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्व छात्रों को नशे की ओर आकर्षित कर रहे हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो सकता है।

मामले को लेकर AMVA ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मिलाप सिंह पूनिया से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। संगठन जल्द ही उन्हें ज्ञापन सौंपकर कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, झाड़ियों की सफाई कराने, संदिग्ध वाहनों की जांच बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा। फिलहाल इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here