सोनीपत | हरियाणा में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात गोहाना–जींद हाईवे (152A) पर हुए एक दर्दनाक हादसे में शादी समारोह में जा रहा परिवार मातम में बदल गया। इस दुर्घटना में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही बुटाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को BPS खानपुर कलां अस्पताल भिजवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित पंकज, जो जींद के गांव बुढाखेड़ा का रहने वाला है, ने बताया कि परिवार उसकी मौसी के बेटे मिथुन की शादी में शामिल होने मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) जा रहा था। कार में उसकी मां कमलेश, बहनें नीतू और प्रियंका, पत्नी आरती व भांजा परमजीत सवार थे।
सुबह करीब 3 बजे गांव गंगाना के पास परमजीत को उल्टी आने पर गाड़ी सड़क किनारे रोकनी पड़ी। प्रियंका उल्टी करवाकर वापस कार में बैठ गई थी, लेकिन नीतू दोबारा बेटे को दवाई देने के लिए नीचे उतरी और गाड़ी के पीछे खड़ी होकर उसे कुल्ला करवाने लगी। तभी पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नीतू और उसका बेटा परमजीत दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।







