कैथल/बलिंदर कुमार-:कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव Randeep Singh Surjewala ने रविवार को कैथल की ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित ब्रह्म शक्ति सम्मेलन में भाजपा पर निशाना साधते हुए मंदिरों में कथित वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा उठाया।उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चढ़ावे के उपयोग में गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सुरजेवाला ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को वर्ष 2021 में भी उठाया था और इससे जुड़े दस्तावेज कई बार सार्वजनिक किए थे। उनके अनुसार,अब फिर से इस मामले को लेकर नए सवाल सामने आ रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न मामलों में वित्तीय अनियमितताएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा दान की गई सोने-चांदी की वस्तुओं और अन्य चढ़ावे के उपयोग को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती गई।साथ ही उन्होंने मंदिर निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी के भी आरोप लगाए।सुरजेवाला ने कहा कि यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे मामले केवल एक स्थान तक सीमित नहीं हैं और अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनता और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है तथा दान की राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए।







