Home Haryana फतेहाबाद में नहर में नहाने के दौरान पिता-पुत्र लापता, बचाव अभियान लगातार...

फतेहाबाद में नहर में नहाने के दौरान पिता-पुत्र लापता, बचाव अभियान लगातार जारी

1
0

फतेहाबाद-:हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है।यहां एक पॉल्ट्री फार्म में काम करने वाले पिता और उनके किशोर बेटे के नहर में बह जाने से इलाके में शोक का माहौल है।घटना के बाद पुलिस,प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया,जो समाचार लिखे जाने तक जारी था।

जानकारी के अनुसार, विष्णु नाम का व्यक्ति मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और अपनी पत्नी के साथ फतेहाबाद स्थित एक पॉल्ट्री फार्म पर मजदूरी करता था।रविवार दोपहर वह अपने 17 वर्षीय बेटे सुभाष और सहकर्मी बीरु के साथ नहर में नहाने गया था। तीनों जैसे ही पानी में उतरे,अचानक सुभाष का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा।बेटे को संकट में देख विष्णु ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी।सहकर्मी बीरु ने भी मदद की कोशिश की,लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल रहा।दूसरी ओर,विष्णु और उनका बेटा दोनों ही तेज धारा में बह गए और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे।गोताखोरों की सहायता से नहर में दोनों की तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि दोनों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।इस दर्दनाक हादसे के बाद पॉल्ट्री फार्म में काम करने वाले मजदूरों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नहरों और जलाशयों में नहाने या उतरने से बचें, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बचाव अभियान लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here