कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में नई सब्जी मंडी के निर्माण का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। अतिरिक्त अनाज मंडी के पास 11 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही इस नई मंडी में आधुनिक सुविधाओं के साथ कुल 48 दुकानें स्थापित की जाएंगी। फिलहाल पहले चरण के तहत 6 एकड़ भूमि पर मिट्टी भराई और आधारभूत ढांचे का काम शुरु हो चुका है।
परिसर में तेजी से चल रहा विकास कार्य
जानकारी के मुताबिक नई सब्जी मंडी परिसर में कवर शेड, दो प्लेटफॉर्म और आंतरिक सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। मंडी की बाउंड्री वॉल भी तेज़ी से बनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अगले वर्ष तक पूरा प्रोजेक्ट तैयार हो जाएगा। इसे एक मॉडल सब्जी मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां किसानों, आढ़तियों और खरीदारों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भीड़भाड़ से मिलेगी राहत, पुरानी मंडी होगी शिफ्ट
वर्तमान में रेलवे स्टेशन के निकट पुरानी सब्जी मंडी एक एकड़ से भी कम जगह में संचालित हो रही है, जिसके कारण अक्सर जाम और भीड़भाड़ की स्थिति बनी रहती है। इसे देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड ने नई जगह का चयन किया है। कैथल मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता सतपाल ने बताया कि ज्यादा भीड़ और स्थान की कमी को देखते हुए पुरानी सब्जी मंडी को शहर के बाहर जींद रोड स्थित नए परिसर में शिफ्ट किया जाएगा।
11 एकड़ में दो चरणों में होगा निर्माण
कुल 11 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही नई मंडी के निर्माण के लिए दो चरणों में टेंडर जारी किए गए हैं।
पहले चरण में 6 एकड़ क्षेत्र पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि शेष क्षेत्र का विकास कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। नई सब्जी मंडी के चालू होने के बाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित पुरानी मंडी को पूरी तरह स्थानांतरित कर दिया जाएगा।







