कुरुक्षेत्र। जिले के बाबैन क्षेत्र स्थित गांव गजलाना के एक युवक की कनाडा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। युवक का पार्थिव शरीर को उसके पैतृक गांव पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान विरेन रंगा के रूप में हुई है, जो उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया हुआ था। जानकारी के अनुसार कनाडा में रहने के दौरान उसे अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिजनों ने आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद विरेन का पार्थिव शरीर भारत मंगवाया। शव गांव गजलाना पहुंचते ही शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
गांव के सरपंच प्रेम सैनी ने बताया कि विरेन एक मेहनती, मिलनसार और महत्वाकांक्षी युवक था। बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लेकर वह विदेश गया था। उसकी असमय मौत से गांव के लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है।
विरेन के पिता राजेंद्र रंगा ने बताया कि उनके बेटे ने खरींडवा स्थित आईटीआई से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में दो वर्षीय कोर्स पूरा किया था। इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए कनाडा के वैंकूवर शहर गया, जहां उसने इलेक्ट्रिकल विषय में डिप्लोमा की पढ़ाई पूरी कर ली थी। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद वह बेहतर भविष्य बनाएगा, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी सपनों को अधूरा छोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन और ग्रामीण अभी भी इस दुखद घटना से उबर नहीं पाए हैं।







