अम्बाला-:ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि गीता गोपाल संस्था जैसी संस्थाएं समाज सेवा के साथ-साथ युवाओं को भारतीय संस्कृति और अध्यात्म से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही हैं। ऐसी संस्थाएं हर शहर और गांव में होनी चाहिए,ताकि लोगों को सही दिशा और संस्कार मिल सकें।
मंत्री अनिल विज मंगलवार को अम्बाला के जगाधरी रोड स्थित गीता गोपाल चौक के पुनर्निर्माण कार्य के लोकार्पण समारोह में पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने संस्था द्वारा जनहित में उपलब्ध कराई गई दो नई एम्बुलेंस को भी जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों, भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।अपने संबोधन में अनिल विज ने कहा कि श्रीमद्भगवद गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सफल और संतुलित ढंग से जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक ग्रंथ है। गीता हमें कठिन परिस्थितियों का सामना करने, क्रोध और हिंसा से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि हमारे शास्त्रों में मानवता, भाईचारे और सेवा भाव का संदेश छिपा है, जिसे समाज तक पहुंचाना जरूरी है।उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गीता गोपाल संस्था जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहती है। सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थितियों में संस्था के सदस्य सबसे पहले पहुंचकर लोगों की मदद करते हैं। पर्यावरण संरक्षण,धार्मिक जागरूकता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी संस्था लगातार कार्य कर रही है।अनिल विज ने कहा कि समाज में बढ़ती नकारात्मकता और नशे जैसी बुराइयों को दूर करने के लिए युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है।धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाएं इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही मार्गदर्शन मिले तो वे समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।इस अवसर पर एसडीएम कनिका गोयल,नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, संस्था के प्रतिनिधि लक्की भाई जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







