Home Haryana ई-खरीद पोर्टल पर गेहूं घोटाला: यूपी का अनाज हरियाणा किसानों के नाम...

ई-खरीद पोर्टल पर गेहूं घोटाला: यूपी का अनाज हरियाणा किसानों के नाम पर बेचा, 5 फर्मों पर केस

2
0

करनाल-:करनाल की इंद्री नई अनाज मंडी और ब्याना सब यार्ड में सरकारी गेहूं खरीद के दौरान बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से गेहूं लाकर उसे हरियाणा के किसानों के नाम पर ई-खरीद पोर्टल में दर्ज किया गया, जिससे सरकारी खरीद प्रणाली का गलत फायदा उठाया गया। मामले में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पांच आढ़ती फर्मों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार इंद्री मार्केट कमेटी के सचिव अजीत सिंह ने 7 मई को थाना इंद्री में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के बाद मंडी रिकॉर्ड,ई-खरीद पोर्टल एंट्री और गेट पास की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पता चला कि बाहर से गेहूं मंगवाकर उसे हरियाणा के किसानों के नाम पर पोर्टल में अपलोड किया गया।मामले में जिन फर्मों के खिलाफ कार्रवाई हुई है उनमें मैसर्स जसमेर सिंह जरनैल सिंह, मैसर्स सरधा राम जय भगवान, मैसर्स राम सरूप रतन लाल, मैसर्स अमर सिंह राय सिंह और एक अन्य फर्म शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ आढ़तियों ने गेहूं की बोरियां जल्दी उठवाने के लिए ट्रांसपोर्ट ड्राइवरों को अवैध भुगतान भी किया।जांच में चार बड़े खुलासे सामने आए हैं। पहला, बाहर राज्यों से गेहूं लाकर मंडी में बेचा गया। दूसरा, इस गेहूं को हरियाणा किसानों के नाम पर ई-खरीद पोर्टल में दर्ज किया गया। तीसरा, बोरियों की प्राथमिकता से उठान के लिए अवैध लेनदेन किया गया। चौथा, सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर नियमों की अनदेखी की गई।

मार्केट कमेटी सचिव अजीत सिंह ने बताया कि गेट पास की जांच के दौरान पूरा मामला सामने आया। इसके बाद संबंधित फर्मों से मार्केट फीस भी जमा करवाई गई। जांच में लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन की बात भी सामने आई है।इस मामले ने सरकारी खरीद प्रणाली की पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं और आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here