Home Haryana करनाल में बड़ी साजिश नाकाम, सागा म्यूजिक ऑफिस पर हमले की तैयारी...

करनाल में बड़ी साजिश नाकाम, सागा म्यूजिक ऑफिस पर हमले की तैयारी कर रहे दो शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार

9
0

करनाल -:करनाल में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। Saga Music कंपनी के ऑफिस पर दोबारा फायरिंग की योजना बना रहे दो शूटरों को CIA-2 टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रौनक और इमरान के रूप में हुई है, जो एनकाउंटर के दौरान घायल हो गए थे। दोनों की टांगों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वारदात से पहले पुलिस की सटीक कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए मधुबन थाना के जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 12 अप्रैल की शाम वाजिदा गांव के पास CIA टीम और आरोपियों के बीच आमना-सामना हुआ। पुलिस को पहले से ही इनकी गतिविधियों पर शक था। जैसे ही टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की, आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।

गैंग से जुड़े तार, पहले भी कर चुके वारदात

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी कुख्यात दीपक नांदल गैंग से जुड़े हुए हैं। इससे पहले करनाल के अल्फा सिटी इलाके में हुई फायरिंग में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस का मानना है कि यह गैंग इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।

दोबारा हमले की थी पूरी तैयारी

जांच में सामने आया है कि आरोपी एक बार फिर अल्फा सिटी स्थित Saga Music कंपनी के ऑफिस को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उन्होंने वारदात से पहले इलाके की रेकी की थी और मोटरसाइकिल के जरिए करनाल पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती,तो बड़ी घटना हो सकती थी।

हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो रिवॉल्वर, 106 जिंदा कारतूस और 7 खाली खोल बरामद किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद इस बात का संकेत है कि आरोपी किसी बड़े हमले की तैयारी में थे।

रिमांड में खुलेंगे कई अहम राज

पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इस दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, फंडिंग के स्रोत, ठहरने के ठिकाने और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही पानीपत और अन्य इलाकों से हथियार सप्लाई करने वाले लोगों की भी तलाश की जाएगी।

होटल में ठहरकर की गई थी रेकी

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वारदात से पहले एक होटल में ठहरे थे और वहीं से उन्होंने Saga Music ऑफिस की गतिविधियों पर नजर रखी। पूरी तैयारी के बाद वे हमले को अंजाम देने वाले थे।

पुलिस का दावा—टली बड़ी वारदात

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालकर अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।जांच अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here