करनाल-:करनाल के श्री आत्म मनोहर जैन आराधना मंदिर में अक्षय तृतीया के अवसर पर भव्य धर्मसभा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित किया।उन्होंने श्री घंटाकर्ण महावीर देव,श्री ओसियां माता और गुरुदेव श्री मनोहर मुनि महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया केवल एक पर्व नहीं बल्कि दान,तप और सेवा जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने जैन समाज और मंदिर संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था शिक्षा,नैतिकता और सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता,भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करते हैं।कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंधन समिति ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया और संस्थान के सेवा प्रकल्पों का लोकार्पण तथा शिलान्यास भी किया गया।इस अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी को धर्म,सेवा और नैतिकता से जोड़ते हैं।उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी सद्भाव और सहयोग बनाए रखने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया और आयोजन की सफलता के लिए मंदिर समिति व प्रशासन की सराहना की।







