Home Ambala नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना,...

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर साधा निशाना, कटारिया बोलीं—महिलाओं को अभी करना होगा इंतजार

2
0

अंबाला,19 अप्रैल:भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अंबाला लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी बंतो कटारिया ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को लोकतांत्रिक भागीदारी में और सशक्त प्रतिनिधित्व मिलने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि यह विधेयक विपक्ष के विरोध के कारण संसद में पारित नहीं हो सका।

बंतो कटारिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानूनी प्रस्ताव नहीं,बल्कि देश की करोड़ों महिलाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि यह उन बेटियों का सपना था जो राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं और निर्णय प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती हैं।साथ ही यह उन महिलाओं के लिए भी महत्वपूर्ण था,जिन्होंने पंचायत और स्थानीय निकायों में नेतृत्व कर अपनी क्षमता साबित की है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इस अधिनियम को लागू करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह ऐतिहासिक अवसर आगे नहीं बढ़ सका। उनके अनुसार, विपक्ष के रवैये ने देश की महिलाओं की उम्मीदों को अस्थायी रूप से रोक दिया है।

भाजपा नेत्री ने कहा कि यदि यह विधेयक पारित हो जाता तो यह भारतीय लोकतंत्र में एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम अध्याय होता। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं केवल अधिकार नहीं मांग रही हैं,बल्कि राष्ट्र निर्माण में समान और प्रभावी भागीदारी की हकदार हैं।उन्होंने आगे कहा कि यह केवल किसी एक वर्ग की नहीं,बल्कि भारत के लोकतांत्रिक संतुलन और सामाजिक सशक्तिकरण की आवश्यकता है। कटारिया ने यह भी कहा कि भविष्य में इस मुद्दे पर जनता विपक्ष को जवाब देगी, क्योंकि महिलाओं के अधिकारों से जुड़ी इस पहल को रोका जाना उचित नहीं है।भाजपा नेता के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर एक बार फिर बहस का माहौल बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here