जींद । हरियाणा के कई जिलों में मौसम ने फिर करवट ली है। मंगलवार सुबह यमुनानगर और जींद में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि पंचकूला में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम के इस बदलते मिजाज के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बारिश और तेज हवाओं के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। इससे पहले भी बीते दिन राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हुई थी।
इस बीच कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले 1 से 2 दिनों तक खेतों में सिंचाई, कटाई और कीटनाशकों के छिड़काव जैसे कार्यों से बचें। उनका कहना है कि तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।
मौसम के असर से राज्य के तापमान में भी बदलाव देखने को मिला है। न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे रातें पहले की तुलना में थोड़ी कम ठंडी महसूस हो रही हैं। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे दिन के समय लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
राज्य में अधिकतम तापमान कई जगहों पर सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। कुछ जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।







