Home Accident झज्जर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत,...

झज्जर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत, अज्ञात वाहन फरार

12
0

झज्जर । जिले के सिलानी गांव के पास देर शाम हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की जान चली गई। दोनों मामलों में अज्ञात वाहनों की टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक के पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय दीपक, पुत्र देवेंद्र, निवासी सिलानी (झज्जर) और 31 वर्षीय नवीन, पुत्र महेश, निवासी रेवाड़ी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों हादसे अलग-अलग स्थानों पर हुए, लेकिन दोनों ही मामलों में अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

दोनों मृतकों के शव रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम के लिए रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस घटना से परिजनों में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here