Home Haryana रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर में शवगृह का फ्रिज खराब, दुर्गंध से...

रोहतक पीजीआई के ट्रामा सेंटर में शवगृह का फ्रिज खराब, दुर्गंध से मरीज और कर्मचारी परेशान

5
0
Screenshot

रोहतक। रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (पीजीआईएमएस) के एपेक्स ट्रामा सेंटर में शवगृह का डीप फ्रीजर खराब होने से परेशानी बढ़ गई है। इसमें रखे शवों से तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों के साथ डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की ओर से अधिकारियों को समस्या से अवगत कराए जाने के बावजूद तकनीकी खराबी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ट्रामा सेंटर में डीजीएमओ कार्यालय के आगे शवगृह बनाया गया है। यहां अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले मरीजों के शव रखे जाते हैं। पुलिस से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाता है। बताया जा रहा है कि शवगृह का डीप फ्रीजर पिछले कुछ समय से खराब चल रहा है। इसके कारण शवों को सुरक्षित रखने में परेशानी हो रही है और आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।

अस्पताल की आपातकालीन इकाई में भी शव रखने की व्यवस्था है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को वार्ड से लाया गया एक शव वहां रखा गया था। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को मुंह पर कपड़ा रखने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस स्थिति से मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को काफी परेशानी हुई।

मामले पर पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर अत्री ने बताया कि ट्रामा सेंटर के शवगृह के डीप फ्रीजर में तकनीकी खराबी की जानकारी मिली है। इसे ठीक कराने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here