चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गर्मी के बीच प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 3 और 4 अप्रैल को राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है।
मार्च महीने में लगातार आए पश्चिमी विक्षोभों के कारण हरियाणा में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान राज्य में करीब 19 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई, जिसमें रोहतक और रेवाड़ी जिलों में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, हालांकि दिन के समय तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे चल रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान अभी सामान्य के करीब बना हुआ है। सोनीपत में सबसे कम 13.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हिसार और रोहतक में 17.2 डिग्री, करनाल में 15.5 डिग्री, गुरुग्राम में लगभग 16 डिग्री और भिवानी-सिरसा में करीब 20 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि वे आगामी दिनों में संभावित खराब मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें और फसलों को सुरक्षित रखने के उपाय करें।







