भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने 10वीं, 12वीं और डीएलएड परीक्षाओं का सफलतापूर्वक समापन कर लिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 25 फरवरी से शुरू हुई ये परीक्षाएं पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं।
अंतिम दिन 736 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा के राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क और संस्कृत व्याकरण-2 विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 45,377 परीक्षार्थी शामिल हुए। यह परीक्षा नकल रहित रही और केवल एक मामले में अनुचित साधन का उपयोग दर्ज किया गया।
पूरे परीक्षा सत्र के दौरान प्रदेशभर में अनुचित साधनों के कुल 388 मामले सामने आए, जो पिछले तीन वर्षों की तुलना में सबसे कम हैं। बोर्ड ने पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की थी।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करते हुए 7 मुख्य केंद्र अधीक्षक, 2 केंद्र अधीक्षक और 61 पर्यवेक्षकों को रिलीव किया गया है। इनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी गई है।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई, जिससे परीक्षा की शुचिता प्रभावित होती। परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुईं।
इस वर्ष प्रदेशभर में 1433 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें लगभग 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी शामिल हुए। इनमें 10वीं के 2,95,748, 12वीं के 2,70,663 और डीएलएड के 5,356 विद्यार्थी शामिल थे।
बोर्ड ने नकल रोकने के लिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई और 325 उड़नदस्तों का गठन किया गया। इसके बावजूद 10वीं के 2 और 12वीं के 3 परीक्षा केंद्रों की परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं, जबकि 3 केंद्रों को स्थानांतरित किया गया।
बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए प्रशासन, शिक्षकों, मीडिया और सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।





