हिसार: भाजपा नेता सोनाली फोगाट का पार्थिव शरीर हिसार पहुंच गया है। बता दें कि ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट में शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब अंतिम संस्कार किया जा सकता है। वहीं गुरुवार रात करीब पौने 11 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर एंबुलेंस के जरिए सोनाली फोगाट का पार्थिव शरीर लाया गया। रात ढाई बजे ताबुत में रखकर उनका पार्थिव शरीर हिसार पहुंचा। शव के साथ उनके जीजा, भाई, भतीजा व अन्य परिजन साथ थे।
अंतिम संस्कार में शामिल होंगे भाजपा के बड़े नेता
बताया जा रहा है कि सिविल अस्पताल में डी-फ्रिज में सोनाली का शव रखवाया गया है। हिसार से सुबह 9 बजे ढंढूर फार्म हाउस पर उनका पार्थिव शरीर पहुंचेगा। दूसरी ओर सोनाली के अंतिम संस्कार में भाजपा के बड़े नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित परिजन व सगे संबंधी शामिल होंगे। उधर हत्या के दोनों आरोपी सुधीर सांगवान और सुखविंद्र सांगवान को आज गोवा पुलिस कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी।
मीडिया सूत्रों के अनुसार सोनाली की मौत के दो दिन बाद गुरुवार को परिवार की सहमति से डाक्टरों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। उनके खून के नमूने और बिसरा को जांच के लिए भेज दिए है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले ही गोवा पुलिस ने सोनाली के भाई रिंकू ढाका की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया था। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि अगर सोनाली का परिवार लिखित में डिमांड करेगा तो राज्य सरकार उनकी मौत की सीबीआई जांच जरूर कराएगी।







