यमुनानगर। अमर विहार कॉलोनी में 26 फरवरी को हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतक की लिव-इन पार्टनर और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि घरेलू विवाद और मारपीट से परेशान होकर दोनों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 27 वर्षीय गुंजन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला था। वह पिछले करीब दो वर्षों से अमर विहार कॉलोनी में खुशबू उर्फ रीना (49) के साथ किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे।
26 फरवरी को गुंजन कुमार का शव मकान की छत पर मिला था। जांच में सामने आया कि उसकी परने से गला दबाकर हत्या की गई थी, जिसके बाद आरोपी महिला फरार हो गई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि महिला के साथ उसका बेटा आकाश भी उसी मकान में रह रहा था।
जगाधरी सिटी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी महिला ने अपने पहले पति को छोड़ दिया था और बाद में गुंजन के साथ रहने लगी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका बेटा आकाश भी अपनी मां के पास रहने के लिए यमुनानगर आ गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि गुंजन शराब के नशे में अक्सर महिला के साथ मारपीट करता था और उसके बेटे को घर में रखने का विरोध करता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी की रात भी गुंजन ने शराब के नशे में महिला के साथ मारपीट की और मां-बेटे को घर से निकाल दिया। देर रात दोनों वापस घर पहुंचे तो गुंजन फिर से उनसे झगड़ा करने लगा। विवाद बढ़ने पर आकाश ने पहले चाकू से हमला किया और बाद में मां-बेटे ने मिलकर परने से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।







