Home Haryana हरियाणा पुलिसकर्मी की वायरल पोस्ट से बवाल, वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोप

हरियाणा पुलिसकर्मी की वायरल पोस्ट से बवाल, वरिष्ठ अधिकारी पर गंभीर आरोप

26
0

कैथल । हरियाणा पुलिस के एक कर्मचारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने विभाग में हलचल मचा दी है। पुलिसकर्मी सुनील संधू ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर भावनात्मक संदेश साझा करते हुए आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पोस्ट सामने आते ही तेजी से वायरल हो गई।

अपनी पोस्ट में संधू ने लिखा कि वे लंबे समय से नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चला रहे थे और विभागीय निर्देशों के तहत कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें कथित रूप से मानसिक दबाव में रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वरिष्ठ अधिकारी की ओर से उन्हें झूठे केस में फंसाने और स्मैक बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाने की धमकी दी गई।

संधू ने कहा कि वे सत्य के साथ खड़े हैं और किसी दबाव में आकर गलत बयान देना उनके संस्कारों में नहीं है। उन्होंने अपने परिवार का जिक्र करते हुए बताया कि उनके छोटे बच्चे हैं और पूरे घटनाक्रम से परिवार गहरे तनाव में है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अपने सेवा काल में उन्होंने कभी रिश्वत नहीं ली और ईमानदारी से कर्तव्य निभाया है।

पोस्ट में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की और कहा कि वे आगे भी नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रखेंगे। अंत में उन्होंने लिखा कि यदि उनके किसी व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची हो तो वे क्षमा चाहते हैं।

मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग संधू के समर्थन में उतर आए हैं, जबकि कुछ ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल कैथल पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here