पंचकूला,16 फरवरी-:सेक्टर-1 स्थित जिला सचिवालय के बाहर आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जिला इकाई द्वारा विभिन्न जन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन ट्रेड डील,वृद्धावस्था पेंशन में कटौती, हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा नौकरियों में प्रदेश के युवाओं की अनदेखी तथा राशन कार्ड कटौती के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी पंचकूला के जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने की।इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला सचिवालय के बाहर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।मीडिया से बातचीत में जिला अध्यक्ष संजय चौहान ने कहा कि पंचकूला सहित पूरे हरियाणा में जिला स्तर पर उपायुक्तों के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं।उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील को किसानों के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश और देश के किसान प्रभावित होंगे। उनका कहना था कि पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों पर इस समझौते का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।वृद्धावस्था पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 75 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटकर उसे उनके बच्चों की आय से जोड़ दिया गया है,जो बुजुर्गों के सम्मान भत्ते के साथ अन्याय है। उन्होंने इसे जनविरोधी फैसला बताया।
हरियाणा लोक सेवा आयोग में भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी उन्होंने सरकार पर प्रदेश के युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही राशन कार्ड कटौती को गरीब वर्ग के हितों के खिलाफ बताया।प्रदर्शन में अपेक्षित संख्या में कार्यकर्ताओं के न पहुंचने के सवाल पर संजय चौहान ने कहा कि कुछ कारणों से संख्या कम हो सकती है, लेकिन पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और अनुपस्थित कार्यकर्ताओं से जवाब तलब किया जाएगा। नगर निगम चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि टिकट मांगने वाले संभावित प्रत्याशियों को पार्टी के कार्यक्रमों और जन आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।







