सोनीपत | नेशनल हाईवे-44 पर स्थित भिगान टोल प्लाजा पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, टोल शुल्क मांगने पर चार एसयूवी कारों में सवार कुछ रईसजादों ने टोल कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान दो कर्मचारियों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
टोल पर तैनात कर्मचारियों ने जैसे ही नियमानुसार शुल्क वसूला, कार सवार युवक भड़क गए और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करने के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले का पूरा मामला टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिससे आरोपियों की पहचान संभव हो सकेगी।
घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मुरथल थाना पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्यवाही की जाएगी। घटना के बाद टोल कर्मचारियों में भय का माहौल है और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग की है।







