जींद (एकता): देशभर के साथ हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में मानसून ने अपने पैर पसारे हुए हैं। बता दें कि हरियाणा में मौसम आंखमिचौली खेल रहा है। कई जिलों में जहां तेज बारिश देखने को मिली रही तो वहीं जींद, नरवाना व उचाना में बारिश न होने से धान की रोपाई के काम पर असर पड़ा।
मीडिया सूत्रों के अनुसार शुक्रवार सुबह अलेवा में 40 एमएम बारिश दर्ज की गई। जिससे मौसम सुहावना हुआ। लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को भी सफीदों में 6 एमएम बारिश हुई। इससे पहले जुलाना में भी 20 एमएम बारिश हुई थी, लेकिन अभी तक जींद में केवल बूंदाबांदी ही हुई। बस बारिश ही धान की फसल के लिए वरदान साबित हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन में अच्छी बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।







