Home Accident खस्ताहाल सड़क ने फिर ली ‘जानलेवा करवट’, यूरिया से भरा ट्रक पलटा:...

खस्ताहाल सड़क ने फिर ली ‘जानलेवा करवट’, यूरिया से भरा ट्रक पलटा: 4 घायल, खेत में बिखरी खाद

2
0
Screenshot

बलिंदर कुमार , कैथल l कैथल जिले में गुहला-चीका मार्ग की बदहाल सड़क व्यवस्था एक बार फिर बड़े हादसे का कारण बन गई। ढाबा कोऑपरेटिव सोसाइटी के लिए 400 बैग यूरिया खाद लेकर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और टूटी हुई परत के कारण ट्रक संतुलन खो बैठा और सीधे सड़क से फिसलकर धान के खेत में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी मात्रा में यूरिया के बैग खेत में बिखर गए। कई बैग फट जाने से खाद पानी में घुलकर पूरी तरह बर्बाद हो गई, जिससे किसानों और सप्लाई सिस्टम को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

घायल चालक ने आरोप लगाया कि सड़क की खराब हालत इस दुर्घटना की मुख्य वजह है। उनका कहना है कि यदि सड़क ठीक होती तो यह हादसा टाला जा सकता था। उन्होंने यह भी बताया कि ट्रक में लदा सामान लाखों रुपये का था, जो अब बर्बाद हो चुका है।

वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन और PWD विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। बरसात के मौसम में यह सड़क और भी खतरनाक हो जाती है।

ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि गुहला-चीका मार्ग की तुरंत मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here