Home Haryana अंबाला GPO में अब रात 8 बजे तक होगी स्पीड पोस्ट और...

अंबाला GPO में अब रात 8 बजे तक होगी स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग, ग्राहकों को राहत

5
0

अंकुर कपूर , अंबाला। डाक विभाग ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ा दिया है। अब अंबाला जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) में ग्राहक सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक स्पीड पोस्ट और पार्सल बुक करा सकेंगे। विस्तारित समय से नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।

अंबाला GPO के प्रवर डाकपाल प्रभात गोयल ने बताया कि ग्राहकों को बेहतर और सुचारु सेवा उपलब्ध कराने के लिए तीन काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। लंच टाइम के दौरान भी कर्मचारियों की ड्यूटी बारी-बारी से लगाई जाती है, ताकि इस दौरान भी बुकिंग सेवा बाधित न हो और ग्राहकों को इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि यह सुविधा जिला स्तर के सभी हेड पोस्ट ऑफिस में लागू की गई है। अंबाला GPO में प्रतिदिन औसतन 200 से 300 रिटेल पार्सल बुक किए जाते हैं। इसके अलावा व्यापारियों और अन्य बल्क ग्राहकों की ओर से रोजाना करीब 700 से 800 पार्सल बुक कराए जा रहे हैं। ई-कॉमर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबार करने वाले व्यापारी भी बड़ी संख्या में डाक विभाग की पार्सल सेवा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

डाक विभाग की ओर से पार्सल की पैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राहकों को केवल सामान लेकर डाकघर पहुंचना होगा। यदि उनके पास पैकिंग की व्यवस्था नहीं है तो डाकघर में बॉक्स, टेप समेत आवश्यक पैकिंग सामग्री उपलब्ध है। निर्धारित शुल्क का भुगतान कर ग्राहक वहीं अपने सामान की पैकिंग करा सकते हैं।

प्रभात गोयल ने बताया कि स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग की सुविधा छुट्टी वाले दिनों में भी उपलब्ध रहती है। ग्राहक देश के किसी भी राज्य के अलावा विदेश में भी स्पीड पोस्ट और पार्सल भेज सकते हैं। विभाग का उद्देश्य आम नागरिकों के साथ-साथ छोटे और बड़े कारोबारियों को तेज और सुविधाजनक डाक सेवा उपलब्ध कराना है।

बुकिंग का समय बढ़ाए जाने से ग्राहक भी खुश नजर आए। लोगों का कहना है कि पहले सीमित समय के कारण उन्हें कई बार जल्दबाजी में डाकघर पहुंचना पड़ता था। अब रात 8 बजे तक सेवा उपलब्ध होने से वे अपनी सुविधा के अनुसार पार्सल और स्पीड पोस्ट बुक करा सकेंगे। ग्राहकों के मुताबिक, विस्तारित समय से डाकघर के काउंटरों पर भीड़ का दबाव कम होगा और नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा विद्यार्थियों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने डाक विभाग के इस फैसले को जनहित में उठाया गया उपयोगी कदम बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here