फरीदाबाद | हरियाणा में नववर्ष 2026 का आगाज ठंडी हवाओं, कोहरे और बारिश के साथ हुआ। हिसार, करनाल, अम्बाला, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह, पानीपत, सिरसा, चरखी दादरी और यमुनानगर सहित कई जिलों में दो दिन तक कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान भिवानी में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान नूंह और पानीपत में 13.1 डिग्री, और नारनौल में रात का 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रोहतक में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में 4.5 डिग्री की गिरावट आई।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 1 जनवरी की रात को कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने 3 जनवरी तक कोल्ड-डे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जनवरी के पहले दिन हुई बारिश फसलों के लिए लाभकारी रही, लेकिन ठंड का प्रकोप बढ़ गया। लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। सुबह के समय कई स्थानों पर कोहरे ने विजिबिलिटी कम कर दी थी। बारिश के कारण वायु प्रदूषण में भी कमी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह किया है, विशेषकर सड़क मार्ग पर ठंड और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्क रहने की अपील की गई है।







