Home Haryana डबवाली में हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत यूथ मैराथन

डबवाली में हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत यूथ मैराथन

174
0

Sirsa, 24 August-हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत रविवार को डबवाली में भव्य यूथ मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर की। इस मौके पर उन्होंने स्वयं भी युवाओं संग दौड़ लगाकर उनका हौसला बढ़ाया।

अलसुबह पांच बजे हॉफ मैराथन से कार्यक्रम का आगाज हुआ, जिसके बाद 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। मैराथन में युवाओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज को खोखला कर रहा है, इसलिए इसे जड़ से खत्म करने के लिए सरकार ने नशा मुक्त अभियान को जन आंदोलन बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया फिट इंडिया मूवमेंट युवाओं को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित कर रहा है और हरियाणा सरकार ने भी राहगिरी, साइक्लोथॉन, मैराथन और ‘धाकड़’ जैसे कार्यक्रमों से इस अभियान को और गति दी है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशा मुक्त हरियाणा बनाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 3350 गांव और 876 शहरी वार्ड नशा मुक्त घोषित किए जा चुके हैं। प्रदेश भर में 162 नशा मुक्ति केंद्र, मेडिकल कॉलेजों में नशा मुक्ति वार्ड तथा 13 जिलों के नागरिक अस्पतालों में उपचार केंद्र संचालित हो रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान 35 से अधिक सरपंचों ने भी दौड़ में भाग लिया और मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मंच पर कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूक किया। गायक एमडी व सुभाष फौजी की प्रस्तुतियों ने युवाओं को खासा प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की हॉफ मैराथन में मोहित कुमार ने 1 घंटा 10 मिनट 39 सेकंड में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में तामशी सिंह ने 1 घंटा 29 मिनट 43 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। दस किलोमीटर दौड़ में पुरुष वर्ग का पहला स्थान मोहन और महिला वर्ग का पहला स्थान नीता रानी ने प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here