Ambala,28 December-:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2025 के अंतिम ‘मन की बात’ कार्यक्रम में युवाओं, स्वास्थ्य जागरूकता और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर बार की तरह इस कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों को सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं की मेहनत, नवाचार और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की,जिससे देश के युवा और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगे।ऊर्जा मंत्री ने बताया कि कार्यक्रम में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की एडवाइजरी का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने अनावश्यक एंटीबायोटिक दवाओं के सेवन से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह और जांच के एंटीबायोटिक का प्रयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है, क्योंकि इससे दवाओं की प्रभावशीलता कम हो जाती है। अनिल विज ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर सरकार द्वारा 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है और लगभग इतनी ही राशि में सोलर सिस्टम स्थापित किया जा सकता है। एक बार सोलर सिस्टम लगने के बाद घरेलू बिजली बिल से लगभग पूरी तरह राहत मिलती है। उन्होंने पात्र नागरिकों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में श्रीनगर में हुई पुरातात्विक खुदाई का भी उल्लेख किया, जिसके अवशेष फ्रांस में सुरक्षित हैं और जो लगभग 2000 वर्ष पुरानी सभ्यता के प्रमाण प्रस्तुत करते हैं।







