यमुनानगर | यमुनानगर में दिव्य नगर योजना के तहत हो रहे सौंदर्यीकरण कार्य में घटिया क्वालिटी की ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत पर नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे पेड़ों के चारों ओर बनाई गई नई बाउंड्री की जांच की और निर्माण में प्रयुक्त ईंटों की गुणवत्ता पर सवाल उठते ही उसे तुड़वा दिया।
मेयर ने ईंटों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे और स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक संबंधित कार्य को रोका जाए।
गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं: मेयर
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि शहर में हो रहे विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइट पर मौजूद मजदूरों और मिस्त्रियों से भी निर्माण सामग्री के स्रोत और प्रकार को लेकर जानकारी ली।
योजना के तहत बन रही हैं बाउंड्री
गौरतलब है कि दिव्य नगर योजना के तहत जगाधरी वर्कशॉप रोड पर स्थित पेड़ों के चारों ओर ईंटों से गोलाकार बाउंड्री बनाकर सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। इसी निर्माण कार्य में घटिया ईंटों के इस्तेमाल की सूचना मेयर को मिली थी, जिसके बाद उन्होंने त्वरित संज्ञान लिया। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।







