हरियाणा, 27 मार्च-मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2025-26 का बजट हरियाणा की जनता से सुझाव लेकर, उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर और उनकी तकलीफों को समझकर उनके विकास और कल्याण के लिए बनाया गया है। पिछले 11 वर्षों की विकास यात्रा को इस बजट के माध्यम से तीन गुना रफ़्तार दी गई है। इस बजट में हरियाणा को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए 11 मुख्य बिंदु प्रस्तुत किये गये हैं।मुख्यमंत्री गुरुवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे।
वर्ष 2025-26 के बजट को धाकड़ हरियाणा का धाकड़ बजट बताते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि इन 11 मुख्य बिंदुओं में डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर बनाना, 2000 करोड़ रुपए का स्टार्टअप्स के लिए फंड ऑफ फंड्स बनाने की योजना, नशे के विरुद्ध “संकल्प” प्राधिकरण का गठन, मिशन हरियाणा 2047 के लिए टास्कफोर्स का गठन, नकली बीज और कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ बिल, गांवों में महिला चौपाल बनाने की शुरुआत, हर जिले में एक गो अभ्यारण बनाने की घोषणा, अनाधिकृत औद्योगिक कालोनियों को नियमित करना, हर जिले में एक राजकीय मॉडल महाविद्यालय बनाने की घोषणा, दिव्यांगजन कोष का गठन करना और सभी दिव्यांगों के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा, महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत करना शामिल है। उन्होंने कहा कि बजट के यह 11 कदम प्रदेश को एक नई दिशा और गति देंगे। यह बजट विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित हरियाणा का बजट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 औद्योगिक मॉडल टाउनशिप विकसित किए जाएंगे और इनके लिए ई-भूमि पोर्टल पर वर्ष 2025-26 की शुरूआत में ही भूमि की मांग दर्ज कर दी जाएगी। ये औद्योगिक मॉडल टाउनशिप किस-किस हलके में बनेंगी, इसका निर्णय भूमि उपलब्ध होने के बाद ही किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जहां भी समुचित जमीन मिलेगी, वहीं-वहीं आईएमटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार कांग्रेस की तरह जमीन का जबरन अधिग्रहण नहीं करती बल्कि लैंड पूलिंग के जरिये किसानों से भूमि ली जाती है।







