धौलाना । हापुड़ जिले के थाना कपूरपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव नारायणपुर बास्का में ट्रक से निर्माण सामग्री उतारते समय हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से ट्रक परिचालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान हरियाणा के पलवल जिले निवासी शहजोर खान के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से रोड़ी ढोने वाले ट्रक पर परिचालक के तौर पर कार्यरत थे। सोमवार दोपहर वह रोड़ी से भरा ट्रक लेकर गांव नारायणपुर बास्का में सप्लाई देने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, रोड़ी उतारने के लिए चालक रिजवान ने जैसे ही हाइड्रोलिक लिफ्ट की मदद से ट्रक का पिछला हिस्सा ऊपर उठाया, उसी दौरान ट्रक का अगला हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से संपर्क में आ गया। इसके चलते पूरे ट्रक में अचानक करंट फैल गया।
उस समय ट्रक के पीछे खड़े शहजोर खान उसे संभाल रहे थे। करंट लगते ही वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर खुद को अलग कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विनोद पांडे ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।







