Faridabad,21 December-:फरीदाबाद पुलिस के कर्मचारियों को आर्थिक रूप से सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से लघु सचिवालय,सेक्टर-12 स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में एक वित्तीय साक्षरता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मकसद पुलिस कर्मियों को आय, व्यय, बचत और निवेश की सही योजना बनाकर भविष्य को सुरक्षित करने के प्रति जागरूक करना था।
इस सेमिनार में गुरुग्राम आयकर विभाग की जॉइंट कमिश्नर सुधा यादव और डिप्टी कमिश्नर सीमा चौधरी ने पुलिस कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। जॉइंट कमिश्नर सुधा यादव ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में सही समय पर वित्तीय योजना बनाना बेहद जरूरी है। समय पर बचत और निवेश करने से भविष्य की आर्थिक चुनौतियों से आसानी से निपटा जा सकता है।उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने और नियमित बचत की आदत अपनाने की सलाह दी। सुधा यादव ने सरल तरीके से बजट बनाने की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि आय को खर्च, निवेश और आपातकालीन जरूरतों के लिए अलग-अलग हिस्सों में बांटना चाहिए, जिससे आर्थिक स्थिरता बनी रहती है।
सेमिनार के दौरान यह भी बताया गया कि केवल बचत करना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि सुरक्षित और लाभकारी निवेश भी जरूरी है। पुलिस कर्मियों को म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट, पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) और सोने में निवेश जैसे विकल्पों की जानकारी दी गई।डिप्टी कमिश्नर सीमा चौधरी ने भी पुलिस कर्मचारियों को दीर्घकालिक वित्तीय योजना बनाकर सुरक्षित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की सलाह दी। पुलिस विभाग की ओर से इस सेमिनार को बेहद उपयोगी बताया गया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई।







