Home Haryana रेवाड़ीवासियों को ट्रैफिक जाम से जल्द मिलेगी राहत, प्रजापति चौक से मीरपुर...

रेवाड़ीवासियों को ट्रैफिक जाम से जल्द मिलेगी राहत, प्रजापति चौक से मीरपुर तक बनेगा फोरलेन रोड

211
0

रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। जल्द ही ट्रैफिक जाम और सड़क हादसों से निजात मिलने वाली है, क्योंकि प्रजापति चौक से मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय तक की सड़क को फोरलेन में तब्दील करने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रोजेक्ट को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं और जल्द कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया है।

पहले चरण में एनएच-7 तक बनेगी फोरलेन सड़क

यह फैसला रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव की मांग पर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि पहले चरण में इस सड़क को प्रजापति चौक से एनएच-7 तक फोरलेन बनाया जाएगा। विधायक यादव ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि इस सड़क को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय तक फोरलेन किया जाए, ताकि वहां तक पहुंचने वालों को सीधी और सुगम सड़क मिल सके।

दस गांवों और आठ कॉलोनियों को होगा सीधा फायदा

करीब 10 किलोमीटर लंबी यह सड़क वर्तमान में सिंगल लेन है, जिस पर आए दिन हादसे और जाम की स्थिति बनती रहती है। इस रूट पर 10 गांवों के अलावा आठ कॉलोनियां भी आबाद हो चुकी हैं, और भविष्य में रामगढ़ तक और कॉलोनियां बसने की उम्मीद है। ऐसे में सड़क का चौड़ा होना बेहद जरूरी हो गया है।

नए बस स्टैंड को भी मिलेगा सपोर्ट

जानकारी के मुताबिक, रेवाड़ी-रोहतक हाईवे (एनएच-71) से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर प्रजापति चौक पर एक नया बस स्टैंड प्रस्तावित है। फोरलेन सड़क बनने के बाद एनएच-71 से आने-जाने वाले यातायात को कुशलता से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे शहर के भीतर जाम की समस्या भी काफी हद तक सुलझ सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here