चंडीगढ़ | मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में आज दोपहर 2 बजे हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी, जिसमें वर्ष 2025-26 के लिए राज्य की नई आबकारी नीति को हरी झंडी मिल सकती है। इस नई नीति के जरिए सरकार को करीब 14,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना जताई जा रही है।
शराब के दाम में हो सकती है मामूली बढ़ोतरी
नई नीति के तहत प्रदेश में देसी और विदेशी शराब की कीमतों में मामूली इजाफा किया जा सकता है। हालांकि, शराब ठेकों की संख्या में किसी तरह की बढ़ोतरी का प्रस्ताव नहीं है। फिलहाल प्रदेश में लगभग 2400 शराब ठेके संचालित हैं। इन ठेकों की नीलामी खुली बोली प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
भ्रष्टाचार पर निगरानी के लिए CCTV अनिवार्य
आबकारी एवं कराधान विभाग में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार नियंत्रण के लिए नई पहल की जा रही है। सभी आबकारी एवं कराधान अधिकारियों तथा उप-अधिकारियों के कार्यालयों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इससे विभागीय कार्यप्रणाली की निगरानी को और सुदृढ़ किया जाएगा।
नीति से बढ़ेगा राजस्व, मिलेगा पारदर्शी सिस्टम
सरकार की कोशिश है कि नई आबकारी नीति के जरिए राजस्व को बढ़ाते हुए एक जवाबदेह और पारदर्शी तंत्र विकसित किया जाए। नीति को मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश में शराब की नई दरें लागू होंगी।







